About Me

My photo
Greater Noida/ Sitapur, uttar pradesh, India
Editor "LAUHSTAMBH" Published form NCR.

हमारे मित्रगण

विजेट आपके ब्लॉग पर

Monday, November 11, 2013

देश को खाते रहे

                         देश को खाते रहे

   दीमकों से हम इधर घर को बचाते रह गए ,
   और  कीड़े  कुर्सियों के,  देश  को खाते  रहे.

   हम इधर लड़ते रहे आपस में दुश्मन की तरह,
   उधर  सरहद  पार से  घुसपैठिये  आते  रहे .

   जल रहा था देश , दंगों से, धमाकों से इधर ,
   शीशमहलों में उधर वे जाम  टकराते  रहे .

   झूठ की अहले सियासत और अपना ऐतबार,
   वे दगा  करते  हम फिर भी आजमाते  रहे .

   मुफलिसी से तंग हम, करते गुजारिश रह गए,
   वे हमें हर बार केवल , ख्व़ाब  दिखलाते  रहे  .

   प्याज-रोटी भी हुआ मुश्किल, गरानी इस कदर,
   मुल्क  मालामाल  है , यह गीत  वे  गाते  रहे  .

                        - एस.एन.शुक्ल 

Thursday, May 2, 2013

(176) हिम सदृश मुझको गलना ही है


   पिछले करीब दस माह से कैंसर से लड़ रहा हूँ। यह जंग अभी भी जारी है , इसलिए ब्लॉग पर सक्रियता भी बाधित रही। आप मित्रों की शुभकामनाओं का ही असर है कि अब बहुत  सुधार है। आशा है मेरी अनुपस्थिति और जवाब न दे पाने की विवशता को समझेंगे।

                       हिम सदृश मुझको गलना ही है 

सूर्य  ढलने  लगा , पर थका  मैं  नहीं ,
क्योंकि बाकी बहुत काम अब तक भी है।
तुम चलो  ,मैं अभी शेष  निबटाऊँगा ,
क्योंकि बाकी बहुत शाम अब तक भी है।
  
अपना दायित्व सौपूं किसी को नहीं ,
यह तो जी का चुराना हुआ काम से।
जो मेरा धर्म है , वह निभाऊँगा मैं ,
जाना जाएगा  उसको मेरे नाम से।

तुम भरोसा रखो , मैं  थकूंगा  नहीं ,
काम जब तक न ये पूर्ण हो जायेगा।
काम पूरा  न हो  और  सोने  लगूं ,
क्या ये संभव है मन नीद ले पायेगा ?

वह शयन क्या , उनीदे रहे रात भर ,
रात भर  करवटें ले  बिताया  किये।
रात्रि थोड़ी  भले शेष रह  जायेगी ,
किन्तु उतनी बहुत होगी मेरे लिए।

मानता मार्ग लंबा है फिर भी मुझे ,
लक्ष्य की प्राप्ति तक इसपे चलना ही है।
भर न जाए नदी , धार में गति न हो ,
तब तलक हिम सदृश मुझको गलना ही है।

                           - एस .एन .शुक्ल 

Wednesday, January 9, 2013

(175) कभी रास्ता नहीं मिलता

               कभी रस्ता नहीं मिलता

 

जमीं  महगी , दुकाँ   महगी , दवा महगी, दुआ महगी ,
फ़कत इनसान के, कुछ भी यहाँ सस्ता नहीं मिलता।

कभी जोरू के ताने, तो कभी बच्चों की फरमाइश ,
गिरस्ती में  वही हर रोज जैसी  जोर आजमाइश ,

गरीबों की किसी बस्ती में, जब भी झाँक कर देखो ,
किसी घर में बशर कोई, कहीं हँसता नहीं मिलता।

सड़क पर , चौक - चौबारों, मदरसों, अस्पतालों  में,
मस्जिद-ओ-चर्च, गुरुद्वारों में, मंदिर में, शिवालों में,

जिधर देखो, वहीं बस भीड़ ख्वाहिशमन्द सी लेकिन,
कहीं  इनसान से इनसान का,  रिश्ता नहीं मिलता।

ये सारी  ज़िंदगी  की  दौड़ का , हासिल यही अक्सर ,
कभी मंजिल नहीं मिलती , कभी रस्ता नहीं मिलता।

                        -एस .एन .शुक्ल 
ब्लॉग लिंक :snshukla.blogspot.com