About Me

My photo
Greater Noida/ Sitapur, uttar pradesh, India
Editor "LAUHSTAMBH" Published form NCR.

हमारे मित्रगण

विजेट आपके ब्लॉग पर

Sunday, May 29, 2011

(43) अनुतरित से

कभी नेह के मेह रहा करते थे जिन पलकों में
और कभी हम खोये रहते थे जिनकी अलकों में.

उन पलकों से आज प्रश्न प्रायः बरसा करते हैं
अलकों में अब छाँव नहीं सूखे बादल रहते हैं.

जिस पग ध्वनि से मन वीणा के तार बजा करते थे
देह गंध से जिसकी, हरसिंगार  झरा करते थे.

उस पग ध्वनि में साज नहीं हैं, उलाहनें-तानें हैं
हरसिंगार की मधुर गंध से अब हम अनजाने हैं.

थे हम स्वयं जवाब, सवालों से भी खूब लड़े हैं
अनुतरित से प्रश्न बने पर खुद ही आज खड़ें  हैं.

(42) घर नहीं होता

मकां जिनके नहीं है पास, उनके पास घर तो है
मगर महलों में रहते हैं जो, उनका घर नहीं होता.

दर-ओ-दीवार, बैठक, छत  बना लो ईंट, गारे से
हवेली और बंगले, कोठियों से घर नहीं होता.

दिलों को दूर कर देती है दौलत, बाँट देती है
मियां हर मर्ज़ का नुस्खा कभी भी जर नहीं होता. 

पता उनको भी है लेकर न जा सकते यहाँ से कुछ
मगर फिर भी हवश का जोश हरगिज कम नहीं होता.

ये है तो उसकी ख्वाहिश , और वह है तो बड़ी ख्वाहिश
इन्हें दौलत रहे, सब जाय, कोई गम नहीं होता

(41) वह कविता कहाँ है?

 हैं कहाँ वे कवि निराले, और वह कविता कहाँ है
उस नुकीली कलम वाले और वह कविता कहाँ है
हाँ वही कविता-
कि जिसकी साँस में पुरवाइयाँ थीं
और जिसकी गंध लेकर बौरती अमराइयाँ थीं
और वह कविता-
कि जिससे स्वाभिमानी स्वर जगे थे
याकि जिसकी चेतना से, डर फिरंगी तब भगे थे
कर गई जो देश को परतंत्रता से मुक्त
वह कविता कहाँ है?

हाँ वही कविता-
कि जिसकी अग्नि से सूरज बना था
और जिसके स्वाभिमानी बोल सुन गिरिवर तना था
रंग से जिसके हंसी थी घास,  उपवन मुस्कुराये
गंध से जिसकी खिले थे फूल, पौधे लहलहाए
कर गयी सारी धरा को धान्य-धन से युक्त
वह कविता कहाँ है?


हाँ वही कविता-
कि जिसको सुन भ्रमर दल गुनगुनाये
कूक जागी कोकिला की, और पक्षी चेह्चेहाये
और वह कविता
कि जिसकी हंसी से शैशव झरा था
मुस्कुराहट में उमंगें, भ्रकुटि में तांडव भरा था
जो सदा दुःख और सुख में भी रही संयुक्त
वह कविता कहाँ है?

हाँ वही कविता-
जिसे सुन फड़क उठतीं थीं भुजाएं
विजित होते देश थे, थीं गूंजती जय से दिशाएं
और वह कविता
कि जिसमें ईद,होली का मिलन था
दीपमाला की प्रभा थी, ज्योति से लोहित गगन था
थी जहाँ हर वर्ग के प्रति हृदय में अनुरक्ति
वह कविता कहाँ है?





(40) अर्चना कैसे करूँ

अज्ञान हूँ मैं माँ, तुम्हारी अर्चना कैसे करूँ
तव वंदना की पंक्तियों में, भावना कैसे भरूं

तूने चराचर जीव, निज आलोक से झंकृत किये
दी मूक को वाणी तुम्हीं ने, और कवि को स्वर दिए
सब प्राणियों में ज्ञान का संचार तूने ही किया
तव कृपा बिन जागृत जगत की कल्पना कैसे करूँ
अज्ञान हूँ मैं माँ, तुम्हारी अर्चना कैसे करूँ

तू ज्ञानियों का ज्ञान है, विद्वतजनों की विद्वता
है प्रेरणा का स्रोत तू, अन्तः करण  की शुद्धता
तेरी कृपा से नित नए सोपान चढ़ता है मनुज
तव प्रेरणा से हीन कोई कामना कैसे करूँ
अज्ञान हूँ मैं माँ, तुम्हारी अर्चना कैसे करूँ.

हंसासना, पद्मासना हे मातु वीणा धारिणी
वाणी,गिरा, हे शारदे, मातेश्वेरी, स्वर साधिनी
अपनी दया का दान दे, कर मुझ अकिंचन पर कृपा
यूँ  चाह कर भी अम्ब तेरी साधना कैसे करूँ
अज्ञान हूँ मैं माँ, तुम्हारी अर्चना कैसे करूँ.

इहलोक क्या, परलोक क्या बिन ज्ञान सब निस्सार है
मतिमंद के उर की प्रभा तू सार का भी सार है
कुविचार के तम से घिरा संसार सारा है यहाँ
तू ही बता ऐसे जगत का सामना कैसे करूँ

Saturday, May 28, 2011

(39) मेघों ने प्रीत लुटा डाली

बारिश की रिमझिम बूंदों से धरती की प्यास बुझा डाली
प्यासों के सहज निवेदन पर मेघों ने प्रीत लुटा डाली.

सागर का पानी तप-तप कर बन वाष्प क्षितिज वातान हुआ
उस सघन वाष्प संयोजन से, फिर बादल का निर्माण हुआ
तिल-तिल मिल रूप विराट बना, वह नभ में गरज रहा था जो
पावस के प्रणय निवेदन पर निज हस्ती स्वयं मिटा डाली.

फिर तृप्त हुई धरती पुलकी, जुट गई सृजन, संयोजन में
वन उपवन के खिल गए गात, हरियाली छाई तनमन में
फिर शीत मरूत के झोंकों से, कुछ झिझकी सिमटी कायनात
प्रियतम की प्रेम प्रतीक्षा में, झूमने लगी डाली-डाली.

फिर कोयल कूकी डाली से, आया प्रियतम प्यारा वसंत
मद रस छलकाती बही पवन, महकने लग गये दिग-दिगंत
पी कहाँ पपीहा की पुकार , अलि वृन्दों का मधु लय गुंजन
ऋतुराज-प्रकृति का आलिंगन, मधु की मदिरा छलका डाली.    

(38) कलम

इसका हूँ मैं,यह मेरी है, मैं प्रियतम हूँ यह आली है
इस धन से मैं धनवान, यशस्वी हूँ, यह अति गुण वाली है
अरि के सम्मुख यह वज्र और मुझ निर्बल संग बलशाली है
कैसी भी विषम परिस्थिति  हो करती हर दम रखवाली है.

इसका सिर हिमगिरि से ऊँचा, उर जैसे हिंद महासागर
इसका है लघुतम रूप किन्तु, यह जैसे गागर में सागर
इसमें सब रस, सब अलंकार, संधियाँ भाव हैं एक साथ
इसकी स्मृतियाँ हैं अनंत , रहतीं  सक्रिय दिन और रात.

इसमें है माँ का वात्सल्य, भगिनी सा निर्मल प्यार भरा
मानिनी प्रेयसी का गौरव , पत्नी जैसा अनुराग भरा
इसका हर बूँद जलधि सा है, वसुधा को देता नयी आस
इसकी हर साँस वसंत लिए, भर देती जन-मन में हुलास.

इसमें अमूल्य जीवन निधि है, नित नयी आस भर सकती है
यह प्रलयंकर का महाताप, सर्वस्व नाश कर सकती है
यह सर्जक है,यह भंजक है, यह चंडी है, कल्याणी है
बधिरों के कानों का स्वर है, यह मूक मुनुज की वाणी है.

यह महाक्रान्तियों की जननी, है महा मिलन का सेतु यही
डूबते राष्ट्रों का जीवन, उत्कर्ष प्रगति का हेतु यही
इसका आदर कर राष्ट्र, प्रगति के शिखरों को छू लेते हैं
वे विश्व मध्य पूजे जाते , जो इसे समादर देते हैं.

इसकी ज्वाला के लगते ही, हर अनाचार जल  जाता है
इसका पाकर के वरद हस्त, मानव कुंदन बन जाता है
छूकर मसि कागज मात्र, कलम यदि महाक्रान्ति कर सकती है
तो नयी दिशा की वाहक बन विश्व में शांति भर सकती है.

यह दुर्गा है, कल्याणी है, हम सब मिल इसे प्रणाम करें
हे रचनाकारों आओ, जनमानस में नव आयाम भरें.  

(37) मोहब्बत

दर-ए-दिल हर किसी के सामने खोला नहीं जाता 
मोहब्बत को तराजू पर कभी तोला  नहीं जाता 
परों को प्यार के परखा न जाता खुर्दबीनों से
ज़हर ज़ज्बात के रिश्तों में यूँ घोला नहीं जाता 

गिले शिकवे मोहब्बत में हर एक बेला नहीं करते
ये नाजुक कांच हैं , फेंका यहाँ ढेला नहीं करते
सफीना डूबने के दर से जो मायूस रहते हैं
वो लहरों से समंदर की कभी खेला नहीं करते

मोहब्बत की नहीं जिसने वो उसका सार क्या जाने
जो इस एहसास से महरूम है वह प्यार क्या जाने
किसी दिल में उतर जाना, किन्हीं आँखों में बस जाना
बना जाता किसी का किस तरह दिलदार क्या जाने

कोई मंदिर ओ  मस्जिद, चर्च , गुरुद्वारा  नहीं होती
कोई चाहत नहीं होती, कोई प्यारा नहीं होता
न कोई तुरबतें होतीं, न बनता ताज दुनिया में
किसी की आँख का कोई कभी तारा नहीं होता

जवानी की कहीं कोई कहानी भी नहीं होती
न खिलते फूल गुलशन में रवानी भी नहीं होती
मोहब्बत बिन खुदाई क्या, खुदा भी खुद नहीं होता
कहीं इंसान की कोई निशानी भी नहीं होती

कोई लैला, कोई मजनू, कोई फरहाद न होता
मोहब्बत के लिए कोई कहीं बर्बाद न होता
ये दर्द-ओ-गम नहीं होते,कोई रिश्ते नहीं होते
कोई कुनबा, कोई बस्ती, नगर आबाद न होता  

(36) गजल

मेरे साथ है तेरी जुस्तजू, तू सुकून-ए-दिल है, करार है
मेरे दर्द-ए-दिल की दवा है तू  , उजड़े चमन की बहार है .

मेरी जिंदगी, तेरी शायरी, तेरी शायरी मेरी जिंदगी
मेरा फ़िक्र-ओ-फन मेरी शायरी तेरी एक अदा पे निसार है.

ये खुदा से है मेरी इल्तिज़ा, तू जहाँ रहे वहां खुश रहे
मेरा क्या है, क्या मेरी आरजू, मेरा सिरफिरों में शुमार है

मैं हूँ मुबतिला तेरे वस्ल में, तुझे क्या सुनाऊं मैं हाल-ए-दिल
हमें बैठने न दे चैन से, ये अजब तरह का खुमार है

मेरी हसरतें, मेरे रंज-ओ-गम से तू हो भले ही बेखबर
मेरी जिंदगी तेरी चाहतों में अब जलील-ओ-खार है.

(35) यत्न निरंतर करने वाला सदा जयी होता है

 राजा एक छिपा बैठा था गिरी गह्वर के अन्दर
तीन युद्ध वह हार चुका था शत्रु पक्ष से लड़कर.

शत्रु पक्ष से भीत निराशा थी अंतर्मन छाई
शिला खंड से तभी फिसलती चींटी पड़ी दिखाई.

खाद्य पदार्थ दबा था मुहँ में किन्तु न उसने छोड़ा
गिरकर संभली पुनः लक्ष्य पत्थर पर अपना मोड़ा.

पिछली गति से तेज़ चढ़ रही थी इस बार शिला पर
अर्ध मार्ग से पुनः फिसल वह गिरी भूमि पर आकर.

ऐसे पांच प्रयास किये पर सफल न वह हो पाई
छठवीं बार कड़ी मेहनत कर वह ऊपर तक आई.

देख रहा था राजा यह सब मन्त्रमुग्ध सा होकर
जो निराश बैठा था इस क्षण अपना सब कुछ खोकर.

चींटी की यह लगन देख रजा में पौरुष आया
इस घटना ने आशा दृढ़ता का संकल्प जगाया.

सोचा भाग्य सहारे रहने वाला ही रोता है
यत्न निरंतर करने वाला सदा जयी होता है.

वह बाहर आया फिर बिखरे सूत्र संभाले सारे
गज, तुरंग, रथ सैन्य और आयुध सब नए सवाँरे.

नई शक्ति सहस से वैरी राजा पर चढ़ आया
सत्ता मद में चूर शत्रु को रण में मार गिराया.

(34) कुँए का मेढक

वृष्टि अनवरत थी जारी, भीषण वर्षा के मारे
नदी, ताल, वन और खेत जलमग्न हो गए सारे.

उसी बाढ़ में सागर का मेढक भी बाहर आया
दैव योग ने उसे ठेलकर कुँए तलक पहुँचाया.

लेकिन उसे देखते ही कूपे का मेढक बिदका
कुँए मध्य हो अब तक का जीवन बीता था जिसका.

कौन, कहाँ के हो तुम और यहाँ तक कैसे आये
मार्ग भ्रमित हो गए, याकि पानी में बहकर आये?

भीषण वर्षा से सम्पूर्ण धरा जल प्लावित भाई
यही बाढ़ मुझको सागर से यहाँ तलक ले आई.

वह बोला सागर क्या है? क्या वह दूसरा कुआँ है
तुम्हें देखकर मेरे मन में संशय तनिक हुआ है .

सागर तो असीम है भाई, उसकी तुलना भ्रम है
लाखों कुँए मिलें तब भी सागर के सम्मुख कम हैं.

कुँए का मेढक बोला- है भाग्य तुम्हारा फूटा
सागर और कुँए से बढ़कर निकल यहाँ से झूठा.

मैं जीवन भर निकल न पाया इस कुँए के बाहर
तू बहकर आ गया यहाँ, कहता विशाल है सागर.

याद रखो जिसने जीवन में जितना कुछ देखा है
उसके ज्ञान क्षेत्र की बस वह ही अंतिम रेखा है.

(33) पत्ता भी नहीं हिलेगा

लाद कुल्हाड़े गुजर रही थी जंगल से एक गाड़ी
छोटे पेड़ सोच यह भागे आई विपदा भारी.

बीच राह में एक बड़ा बूढा वट वृक्ष खड़ा था
छोटे वृक्षों की तुलना में अनुभव जिसे बड़ा था.

उसने पूछा आखिर तुम सब कहाँ जा रहे भागे
कुछ पीछे आ रहे और कुछ निकल चुके हैं आगे?

तब उनमें से एक पेड़ ने बरगद को बतलाया
जंगल में आ चुके कुल्हाड़े हम पर संकट आया.

बरगद बोला क्या उनसे अपना भी बन्धु मिला है
अर्थ, कुल्हाडों के अन्दर लकड़ी का बेंट पिला है?

नहीं अकेले हैं वे, स्वर समवेत सभी का आया
तब बरगद ने उन्हें धैर्य देकर  ऐसे समझाया.

याद रखो जब तक दुश्मन से अपना नहीं मिलेगा
तब तक तुम्हें काटना क्या पत्ता भी नहीं हिलेगा.  

(32) मैं विद्रोही बन जिया सदा


कुछ लोग हवा के साथ चले, धारा के साथ बहे  होंगें
लोगों की नजरों में शायद वे ही तैराक रहे होंगे
मैं सदा चला विपरीत धार, मझधार-पार से क्या लेना
मैं विद्रोही बन जिया सदा, फिर जीत-हार से क्या लेना.

गद्दों पर उनको नींद नहीं, मैंने धरती पर सुख पाया 
वे फूल कुचलते निकल गए, मैंने काटों को अपनाया
उनको न चैन था महलों में, मैं खपरैलों में रहा मस्त 
मैं लड़ा अनल की लपटों से शीतल  फुहार से क्या लेना 
मैं विद्रोही बन जिया सदा, फिर जीत-हार से क्या लेना.

मेरी दस दिन की रोटी में, उनका बस एक निवाला था
बाहर से जितना उजले वे, अंतरतम उतना काला था
छल-छदम न मैंने अपनाया, मैं हूँ पुस्तक का खुला पृष्ठ
मैंने प्रकाश को अपनाया, फिर अन्धकार से क्या लेना
मैं विद्रोही बन जिया सदा, फिर जीत-हार से क्या लेना.

था सुना आग की लपटों से सोना कुंदन बन जाता है
पत्थर पर घिस जाने पर ही मेंहदी का रंग दर्शाता है
गोरी के गले लगा न सही,न उसकी रचा हथेली पर
संघर्ष मार्ग का राही मैं, मुझको बहार से क्या लेना
मैं विद्रोही बन जिया सदा, फिर जीत-हार से क्या लेना.

वे छिपकर तीर चलाते थे, मैंने छाती पर सहे वार
वे रहे कोंचते घावों को, मैंने बदले में दिया प्यार
वे रहे लूटते, हम लुटते,पर मैंने छोड़ा नहीं लक्ष्य
सहलाया मैंने चोटों को, मुझको प्रहार से क्या लेना
मैं विद्रोही बन जिया सदा, फिर जीत-हार से क्या लेना.

(31) घुट-घुट कर जीना, जीना क्या?

जीना तब तक हंस कर जीना, घुट-घुट कर जीना, जीना क्या !
पीना तब तक छक कर पीना , छुप-छुप कर पीना, पीना क्या !
                   जब दिया ओखली  में सर को
                   चोटों की परवाह क्या करना
                   जब एक बार चुन लिया मार्ग
                   फिर तूफानों से क्या डरना
क्या आंधी, वर्षा, अन्धकार, ऋतु मौसम और महीना क्या !
जीना तब तक हंस कर जीना, घुट-घुट कर जीना, जीना क्या!
                  मेरी असफलताओं को लख
                  माना कुछ जन हँसते होंगे
                  मेरे पीछे जनचर्चा में कुछ
                  व्यंग बाण कसते होंगे
मैं फाड़-फाड़ कर सीता हूँ, उस फटे हुए को सीना क्या !
जीना तब तक हंस कर जीना, घुट-घुट कर जीना, जीना क्या !
               जो बीत गया उसका क्या दुःख
              जब रात गई तो बात गई
              क्या एक चोट को सहलाना
              हमने हैं झेले घात कई
पी महादेव के प्याले को, अमृत प्याले का पीना क्या !
जीना तब तक हंस कर जीना, घुट-घुट कर जीना, जीना क्या !
             सीखा होगा तुमने पाकर
             हमने खोकर के सीखा है
             मीठे का स्वाद एक क्षण का
            वह याद रहे जो तीखा है
औरों के लिए जिया मैं तो, खुद का जीना ही जीना क्या !
जीना तब तक हंस कर जीना, घुट-घुट कर जीना, जीना क्या !

Friday, May 27, 2011

(30) लेखनी

मूल्य क्या उस लेखनी का सत्यताजो कह न पाई
जो उठी यश गान में नर के, करूँ कैसे बड़ाई.

लेखनी वह जो निबलतम में नया पुरुषार्थ भर दे
जो समर्थों के ह्रदय में क्षमा, करुणा, प्यार भर दे
धार हो तलवार की जिसमें, विनय हो ,प्यार भी हो
हो मृदुलता अमिय की, उर में जलधि का ज्वार भी हो.

लेखनी वह जो अनाथों को शरण दे, प्रेरणा दे
बेसहारों को सहारा और जन को चेतना दे
हृदय में अनुराग भर दे, सौम्यता शुचिता बढ़ाये
पथ प्रदर्शित करे जन का, राह भटके को दिखाए.

लेखनी वह जो प्रगति पथ कंटकों से हीन कर दे
दंभ के, अन्याय के, मद के विभव को क्षीण कर दे
राजभय से भीत होकर शीश मत अपना झुकाए
शक्ति दे अन्याय के प्रतिकार  की, दृढ़ता बढ़ाये.

दीन की अभिव्यक्ति हो जिसमें, दलित का आर्त स्वर हो
शोषितों की वेदना के प्रति समर्पण भी प्रखर हो
अनाचारों से लड़े जो सदा जनगण की लड़ाई
है उसे शत-शत नमन आओ करें उसकी बड़ाई.




(29) प्रश्न?

याचना से बड़ी कौन दयनीयता
भावना से बड़ी कौन कमनीयता
कामना से बड़ी क्या असहनीयता
साधना से बड़ी कौन रमणीयता.
                                              प्रश्न जीवन मरण से बड़ा कौन सा
                                              धर्म मां के चरण से बड़ा कौन सा
                                              नीति सहभागिता से बड़ी कौन सी
                                              पंथ सदभावना से बड़ा कौन सा.
कौन सी हार दुर आचरण  से बड़ी 
कौन सी जीत सद आचरण से बड़ी
कौन सी हानि अपमान जैसी बड़ी 
कौन सा लाभ सम्मान जैसा  बड़ा.
                                             शत्रु दुर्भावना से प्रबल कौन सा 
                                             मित्र निज आत्मबल से सबल कौन सा 
                                             नीर देवापगा सा धवल कौन सा 
                                            छीर जननी हृदय सा विमल कौन सा.
कर्म दायित्व की पूर्ति से क्या बड़ा
मर्म निज आत्म अनुभूति से क्या बड़ा
प्रीति अनुराग परमार्थ से क्या बड़ा
शास्त्र अरु ग्रन्थ पुरषार्थ से क्या बड़ा.
                                           मोह जैसा बड़ा आत्मछल  कौन सा
                                           लोभ जैसा बड़ा दुष्ट खल कौन सा
                                           दंभ जैसा जगत में निबल कौन सा
                                           क्रोध जैसा प्रबलतम अनल कौन सा.
कौन सा क्लेश जग में विरह सा दुखद
कौन सा हर्ष प्रिय के मिलन सा सुखद
विष्व भर में भला क्या गगन सा वृहद्
कौन सी प्राप्ति है ज्ञान जैसी विशद.
                                        सृष्टि में ग्लानि जैसा गरल कौन सा
                                        नेत्र के अश्रु जैसा तरल कौन सा
                                        मातु के स्नेह जैसा सरल कौन सा
                                        दामिनी धुति तड़ित सा चपल कौन सा. प्रश्न?



Thursday, May 26, 2011

(28) यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था

कोयल की कूक और महकी सी अमराई
मोर की मुरलिया से  बजती थी शहनाई
बाल व किशोरों की दौड़-धूप,चहल-पहल
छप्पर की बेलों पर चिडियों का कोलाहल 
रामू और बिरजू का यहीं कहीं ठांव था 
यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.
                  नीम की निमौड़ी की कच्ची पक्की छमियां 
                  सनई की फलियों की कल्लो की करधनिया
                  बांसों के झुरमुट की बंशी की आवाजें
                  यहीं उस बड़े वाले पीपल का छाँव था 
                  यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.
चमकीले खंजन की वह प्यारी सी फुदकन
बगुलों की कों-कों और गौरैया की थिरकन
तोतों के झुण्ड वे, कबूतरों की गुटर गूं वह
यहीं पर कौओं का होता कांव-कांव था
यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.

                 खेतों की मेड़ें और धूल भरे गलियारे
                 पोखर वे, पनघट वे, गलियां वे चौबारे
                 नदी की कछारों में लोटती पड़ी भैसें
                 रामदीन काका का यहीं एक नाव था
                 यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.

गाय का रम्भाना और बकरी का मिमियाना
पेड़ों के पीछे वह सूरज का छिप जाना 
चोखे का, दीनू का, घुरहू का, झीनू का
हम सब का आपस में कितना लगाव था 
यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.

               गूलर की गंध और सोने सी पकी फसलें 
               बौर और फूलों पर बैठकर मधुप रस लें
               सरसों का साग और मक्के की रोटी का
               हाथ मथे मठ्ठे का आहा क्या चाव था
               यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.
रमई की गैय्या वह, बकरियां फरीदन की 
तीतर दुलारे के, मुर्गियां अमीरन की 
सकटू की भेड़ों का साथ-साथ चलना वह 
लगता नदी का सा मंथर बहाव था
यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.

             नदियों की रेती में गाँव का अखाड़ा वह
             धोबीपाट, कालफांस दावों का नज़ारा वह
             कसरती शरीरों  की कुश्ती और डंड बैठक
             फागू से मैंने यहीं सीखा पेंच-दांव था
             यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.

बिरहा की, आल्हा की, चैता की तानें वे
कजरी के, फगवा के मोहक तराने वे
काका की पगड़ी और चुन्ना की फटी कमीज़
दादा की मूछों का अपना ही ताव था
यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.

           बोझों में, मीलों तक फैले खलिहानों में
           कितना था हेल-मेल गाँव के किसानों में
           हलवाहे काका की प्यारी सी गोदी वह
           ऊँच-नीच, भेद-भाव न कोई दुराव था
           यहीं कहीं मेरा वह छोटा सा गाँव था.

(27) हम भारत के गौरव किसान

हम भारत के गौरव किसान, हम वसुधा के वैभव किसान
हम भूमिपुत्र, हम कृषक वीर, हमसे जग में धन और धान्य.

हमने पाषाण सदृश धरती, पर भी निज हल को खींचा है
सूखी वसुधा के चरणों को, अपने श्रम जल से सींचा है
निर्जीव मृदा में हमने ही निज श्रम से पूरित किये प्राण
हम भारत के गौरव किसान, हम वसुधा के वैभव किसान.

हम कृष्ण सखा, अग्रज, हलधर बलदाऊ के अनुयायी हैं
भाषा, भूषा या जाति धर्म से परे कृषक हम भाई हैं
अपने पौरुष से जीवन हित जन-जन को करते अन्न दान 
हम भारत के गौरव किसान, हम वसुधा के वैभव किसान.

हम भरी दोपहर में खेतों की मिटटी से टकराते हैं 
घुटनों तक पानी में घुसकर वर्षा में धान लगाते हैं 
लड़ते हम शीत लहर से भी वह निशा प्रहर हो या बिहान 
हम भारत के गौरव किसान, हम वसुधा के वैभव किसान

निज मातृभूमि का शीश जगत उन्नत करने की आशा है  
पूरित हो धरा धान्य-धन से अपनी इतनी अभिलाषा है
कमाना, विश्व में पुनः बढे भारत का वैभव और मान
हम भारत के गौरव किसान, हम वसुधा के वैभव किसान 





(26) नगर

तब भी यहाँ सभी धर्म, जातियां और सम्प्रदाय थे
नगर हमारी संस्कृति के वाहक और सभ्यता के पर्याय थे 
सभी लोग-
पीर की मजार पर चादर चढाते थे 
होली में रंग खेलते, ईद पर गले मिलते
और बैसाखी पर नाचते गाते थे .
किन्तु आज-
यहाँ भी लोगों के सोच बौने हो गए हैं 
हम दायरों में सिमटकर
राजनैतिक बाज़ीगरों के हाथों के खिलौने हो गए हैं. नगर

(25) दरिंदों का शहर

 लखनऊ कैसा ये बरपा है  तेरे घर में कहर
 शहर-ऐ-तहजीब है इस दौर दरिंदों का शहर.

कहीं बलवा और कहीं कत्ल, कहीं डाकेजनी
मिल्ल्तों का ये शहर आज है दंगों का शहर.

अदब-ओ-तहजीब पे ग़ालिब हैं बदजुबा फिकरे
हर तरफ यक सा नुमायाँ है लफंगों का शहर. 

बीती बातें हैं नफासत और वो शाम-ए-अवध 
बदनुमा लग रहा है आज ये रंगों का शहर. 

 कैसे कह दूँ कि फ़िदा हम व लखनऊ हम पर
 है ये अब सिर्फ और सिर्फ दबंगों का शहर.  

Wednesday, May 25, 2011

(24) आदमी और इंसान में फर्क क्या?

                 जो निराकार मंदिर में भगवान है
                 वह ही दूजे को मस्जिद में रहमान है
                 जिसने मंदिर बनाया वह है आदमी
                 जिसने मस्जिद बनाई वह इंसान है
बेवजह  के बखेड़े बिला नीव के, राम में और रहमान में फर्क क्या
एक पूजा करे इक इबादत करे, आदमी और इंसान में फर्क क्या.
                कोई मंदिर में जाकर  के पूजा करे
                कोई गुरद्वारे  जाकर के माथा धरे
                कोई सिजदा करे मस्जिद-ओ-चर्च में
                कोई तन पर मले खाक विनती करे
रास्ते हैं जुदा एक मंजिल मगर, जग के मालिक की पहचान में फर्क क्या
एक पूजा करे एक इबादत करे, आदमी और इंसान में फर्क क्या.
                कौन मजहब सिखाता बहाना लहू
                कौन सा धर्म इंसानियत छोड़ना
                कौन कहता कि मजलूम पर जुल्म कर
                कौन हैवानियत की तरफ मोड़ना
हो गुरुग्रंथ  साहिब कि हो बाइबिल, वेद, गीता व कुरआन में फर्क क्या
एक पूजा करे एक इबादत करे, आदमी और इंसान में फर्क क्या .
               धर्म ग्रंथों के हर एक सफे पर हमे
               बस लिखी एक जैसी इबारत मिली
               सबसे मिलकर रहो सबको लेकर चलो
               सबमें बस एक अल्लाह का नूर है
पादरी, मौलवी, पंडितों का वहम, गाड, अल्लाह, भगवान् में फर्क क्या
एक पूजा करे एक इबादत करे, आदमी और इंसान में फर्क क्या .
               अपने मकसद के ही खातिर ही इंसान ने
               धर्म-ओ-मजहब की खाई की इजाद की
               और फिरकापरस्तों की चालों ने फिर
               उनको गहरा बनाने में इमदाद की
एक इंसान को खौफ इंसान का, आदमी और शैतान में फर्क क्या
एक पूजा करे एक इबादत करे, आदमी और इंसान में फर्क क्या .
meri kavitayen